पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में सांप के काटने से एक 18 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कादीपुर गांव निवासी विनोद मौर्य की 18 वर्षीय पुत्री सृष्टि सोमवार की शाम करीब आठ बजे किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान घर के सामने ही एक सांप ने उसके हाथ में काट लिया। सृष्टि ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रातभर उसका इलाज चला। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बुधवार की सुबह डाक्टरों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि मृतका चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं।
रिपोर्ट-नरसिंह