छह सूत्रीय मांगों को लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों ने दिया धरना

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला महिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन से छह सूत्रीय मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, एनएचएम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन अथवा प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियोजन की मांग उठाई। साथ ही सभी कर्मचारियों को इपीएफ, इएसआई, ग्रेच्युटी, स्वास्थ्य बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने कार्य अनुभव का प्रत्येक वर्ष मूल्यांकन किए जाने, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति का अधिकार तथा कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, इसलिए उनकी जायज मांगों पर शासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
धरने में राजेश कुमार, सीमा यादव, कनकलता, वैशाली, अब्बास, मनोज, अनिल, पल्लवी, दीपशिखा, पुष्पा, दीपिका, अतुल, ऋषभ, सर्वेश, सतेंद्र सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *