आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के शम्भूपुर गांव में 22 सितंबर को हुई दो लोगों की हत्या के मामले में मृतक अखिलेश मिश्र के पुत्र हिमांशु मिश्र ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
हिमांशु मिश्र ने बताया कि उनके पिता स्व. आचार्य अखिलेश मिश्र धार्मिक कार्य और पूजा-पाठ के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। 22 सितंबर की शाम शम्भूपुर निवासी अरविंद सिंह ने पूजा-पाठ के लिए उनके पिता अखिलेश मिश्र और महेंद्र पाठक को बुलाया था। इसी दौरान दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हिमांशु मिश्र के मुताबिक, वह भी घटना के समय मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि उन्हें भी जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए और दीवार फांदकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया गया।
हिमांशु ने कहा कि पिता की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण, बहनों की शिक्षा और विवाह तथा भविष्य की आजीविका को लेकर परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से परिवार को एक करोड़ रुपये की विशेष आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दोनों अविवाहित बहनों के विवाह के लिए विशेष आर्थिक सहायता, अपनी शिक्षा की पूरी व्यवस्था और परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की है। पत्र के अंत में परिवार ने मांगें पूरी न होने पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की बात कही है। साथ ही आत्मदाह की चेतावनी भी दी गई है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार