फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड परिसर में मंगलवार को सेवा संकल्प सप्ताह महाअभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। इसमें 18 विभागों ने स्टाल लगाकर शासन की ओर से संचालित जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। विभागों की ओर से योजनाओं की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और मिलने वाली सरकारी सहायता के बारे में जागरूक किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग का स्टाल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से रंगोली के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने किसानों को कृषि उपकरण, सौर ऊर्जा संचालित पंप, बीज आदि पर मिलने वाली सरकारी सहायता और अनुदान के बारे में बताया। समाज कल्याण विभाग ने शादी अनुदान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह तथा वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। खाद्य एवं रसद तथा पशुपालन सहित अन्य विभागों ने भी स्टाल लगाए।
खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज, खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण गौरव यादव, एडीओ आईएसबी राजेंद्र प्रसाद आदि अधिकारियों ने स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के अंत में बाल विकास विभाग की ओर से शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं शिवांगी पत्नी सुनील और मुसफेरा पत्नी मो. सैफ की गोदभराई की रस्म कराई गई।
इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी अनिल वर्मा, उर्मिला पांडेय, सरीन फातिमा, लक्ष्मीकांत, चंद्रभान यादव, प्रधानाध्यापक भोरमऊ आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय