दिवंगत होमगार्ड की पत्नी को दिया गया 30 लाख रुपये का चेक

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जहानागंज में होमगार्ड के पद पर कार्यरत रहे स्व.संजय कुमार पाण्डेय, जो डायल-112 के चार पहिया वाहन चालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, का 18 जून 2026 को विद्युत स्पर्शाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के उपरांत उनकी आश्रिता पत्नी संजू पाण्डेय को शासन एवं विभागीय स्तर से अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई।
इसी क्रम में होमगार्ड विभाग एवं एक्सिस बैंक के मध्य हुए अनुबंध के अंतर्गत स्व.संजय कुमार पाण्डेय के एक्सिस बैंक, आजमगढ़ में संचालित खाते के आधार पर उनकी आश्रिता पत्नी संजू पाण्डेय को बैंक के सहयोग से 30 लाख रुपये की सहायता धनराशि का चेक शुक्रवार को होमगार्ड मुख्यालय के सभागार में पुलिस महानिदेशक/कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स ध्रुवकांत ठाकुर द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवक एवं कार्मिक कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सेवाकाल के दौरान आकस्मिक निधन की स्थिति में उनके आश्रित परिवार को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि स्व. संजय कुमार पाण्डेय की आश्रिता पत्नी को शासन द्वारा अनुमन्य 5 लाख रुपये की अनुग्रह धनराशि भी पूर्व में प्रदान की जा चुकी है।
इस अवसर पर डिप्टी कमाण्डेंट जनरल होमगार्ड्स मुख्यालय रामकृष्ण वर्मा, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी राजकुमार आजाद, पुलिस महानिदेशक के स्टाफ अधिकारी सुनील कुमार, जिला कमाण्डेंट आजमगढ़ विनोद कुमार झा, कनिष्ठ स्टाफ अधिकारी अवनीश कुमार सिंह, एक्सिस बैंक के रीजनल हेड विनोद दुबे एवं संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *