बरसात में देवगांव-मेंहनाजपुर रोड बदहाल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरसात के मौसम में देवगांव-महनाजपुर रोड की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर कई स्थानों पर पानी जमा होने के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जलभराव और टूट चुकी सड़क के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मोटरसाइकिल सवार सड़क के गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के किनारे बनी नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है और लगातार जलभराव से सड़क की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सड़क की बदहाली का असर आसपास के दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहने के कारण ग्राहक यहां आने से कतराते हैं, जिससे उनकी दिक्कतें बढ़ गई हैं और दुकानदारी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *