डिप्टी सीएम ने क्षेत्रीय अध्यक्ष की मां को दी श्रद्धांजलि

शेयर करे

ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शुक्रवार को बरदह क्षेत्र के जीवली गांव भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माता के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी, सरकार और प्रदेश के लोग क्षेत्रीय अध्यक्ष के परिवार के साथ खड़े हैं।
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से बुलंदशहर में उनके कार्यक्रम को रोके जाने के लगाए गए आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दिग्भ्रमित हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार किसी को रोकने-टोकने का काम नहीं करती। सभी लोगों को प्रदेश में कहीं भी आने-जाने की पूरी आजादी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अनर्गल आरोप लगाकर लोगों को गुमराह करने और प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में लगातार सुधार हुआ है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए गए निर्देशों की जानकारी दी।
अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के सवाल पर पाठक ने कहा कि चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही और डॉक्टरों की व्यवस्था की जाएगी। न्यूरोसर्जन की उपलब्धता से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। उन्होंने कहा कि सरकार इस कमी को पूरा करने का लगातार प्रयास कर रही है और आवश्यकतानुसार डॉक्टरों की व्यवस्था की जाएगी।
रिपोर्ट-एमके राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *