बैंक कर्मियों ने की 5-डे बैंकिंग और पीएलआई भुगतान की मांग

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। 5 डे बैंकिंग को तत्काल लागू करने और समान पीएलआई भुगतान सहित कई लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल जनपद में शत-प्रतिशत सफल रही। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और ऑल इंडिया रीजनल रूरल बैंक एम्प्लॉईज एसोसिएशन के संयुक्त आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल के चलते जनपद की सभी शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा और मुख्य द्वारों पर ताले लटके रहे।
हड़ताल के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार के साथ मुख्य श्रमायुक्त के माध्यम से कई चरणों की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद उन्हें आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव विकास त्रिपाठी ने कहा कि हड़ताल की ऐतिहासिक सफलता ने बैंक कर्मियों की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति को साबित कर दिया है। सरकार कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की अब और अनदेखी नहीं कर सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आगामी रणनीति के तहत 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी और इसके बाद भी समाधान न होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू होगी।
सभा को एलके सिंह, राजर्षि देव सिंह, रामेश्वर सिंह, गामा राम, निशांत सिंह, विवेकानंद, अनुज श्रीवास्तव, सुभाष यादव और अभिषेक सिंह ने भी संबोधित किया।
इस दौरान आलोक सिंह, शांतनु, धनंजय, बलवंत, शतरंज, शिवम, विशाल त्रिपाठी, आनंद यादव आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *