प्राथमिक विद्यालय में डीएम ने परखी व्यवस्थाओं की हकीकत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने शनिवार को शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के प्राथमिक विद्यालय भोरमऊ का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर, शौचालय, कक्षाओं और परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय को और बेहतर बनाने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव समेत प्रधानाध्यापक चंद्रभान यादव के साथ ही शिक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बनाए रखने के साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुकूल माहौल मिल सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *