धर्म परिवर्तन के खेल का फिर पर्दाफाश

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रौनापार थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव का है, जहां गुरुवार 4 सितंबर को एक घर में धर्म परिवर्तन को लेकर गुप्त मीटिंग चल रही थी। राजदेपुर मठ के महंत की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी।
जानकारी के अनुसार राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती उर्फ आदि शिवसागर भारती को सूचना मिली कि कादीपुर गांव में अपने ही आवास पर कुछ लोग धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को बरगला रहे हैं और मीटिंग कर रहे हैं। महंत ने तत्काल इसकी सूचना रौनापार थाने को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में चल रही मीटिंग से 5 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों के नाम कांति, सुमन, राहुल, घरभरन और बबीता बताए जा रहे हैं।
2022 में भी जा चुकी है जेल
पटवध आजमगढ़। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम में मुख्य आरोपी पादरी कांति पत्नी राजकुमार को इसी तरह के धर्म परिवर्तन के मामले में वर्ष 2022 में जेल भेजा जा चुका है। जेल से छूटने के बाद फिर से वही काम शुरू कर दिया। राजदेपुर मठ के मठाधीश विद्यासागर भारती ने रौनापार थाने पर 5 लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी 5 लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। गांव में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *