फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नवागत उपजिलाधिकारी निकेत वर्मा ने सोमवार को फूलपुर तहसील कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिकायती पत्रों के ऑनलाइन निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली।
उन्होंने कार्यालय में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित जनता को न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या को लेकर कार्यालय में उनसे मिल सकता है। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत पालन कराना उनका प्रमुख दायित्व होगा। आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण और लोगों को समय से न्याय दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर लागू कराना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
श्री वर्मा ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सभी वर्गों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से जनहित के कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपेक्षा की।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय