लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के देवगांव में रविवार को हुई तेज बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। बारिश को धान की फसल के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है। किसानों को उम्मीद है कि समय पर हुई इस बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने के साथ धान की फसल की स्थिति बेहतर होगी और आने वाले दिनों में सिंचाई के लिए पानी की जरूरत भी कम पड़ेगी।
बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। खेतों में खड़ी धान की फसल को बारिश से नई जान मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि धान की खेती के इस महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त बारिश होने से सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा। इसके साथ ही खेतों में नमी बनी रहने से फसल के विकास में भी मदद मिलेगी।
हालांकि, तेज बारिश ने बाजारों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या भी पैदा कर दी। देवगांव में कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद