थानाध्यक्ष का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीलमपुर छपरा गांव निवासी एवं बस्ती जिले के वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बीती शनिवार को बस्ती जिले में कचहरी के पास स्थित अपने आवास में उन्होंने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
सूर्यप्रकाश सिंह पुत्र स्व. उमाशंकर सिंह बस्ती जिले में वाल्टरगंज थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। शनिवार को वह अपने आवास पर गए थे। बाद में काफी देर तक फोन नहीं उठने पर साथी पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। जानकारी करने पर उनके आवास का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर सूर्यप्रकाश सिंह फंदे से लटके मिले। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
रविवार को शव पैतृक गांव भीलमपुर छपरा पहुंचा। शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *