वांछित लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में घायल

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सरायमीर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान बाइकर गैंग के सदस्य व वांछित लुटेरा आलोक पाण्डेय घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध शस्त्र बरामद किया।
बीते 17 सितम्बर को आशुतोष सिंह पुत्र अरविंद सिंह निवासी अमिलिया थाना गंभीरपुर द्वारा तहरीर दी गयी कि आजमगढ़ से आफिस का कार्य कर लौटते समय इशान पब्लिक स्कूल के पास अज्ञात मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर एक टैबलेट, एक मोबाइल व एक हजार रुपया छीनकर भाग गए। इसी क्रम में 18 सितम्बर को चंद्रजीत यादव पुत्र रामाधारी यादव निवासी घनघटा थाना अतरौलिया ने सूचना दी कि दो बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक करके 9700 रूपये, एक मोबाइल व आधार कार्ड, पैन कार्ड छीन लिया। इसी दिन अजय कुमार उपाध्याय पुत्र स्व. राम नवल उपाध्याय निवासी नवली थाना कप्तानगंज ने सूचना दी कि अज्ञात बदमाशों ने असलहा दिखाकर उससे 8000 नकदी व उसका मोबाइल छीन लिया। इसी क्रम में 20 सितम्बर को राकेश कुमार पुत्र संत लाल निवासी मुइया मकदुमपुर थाना निजामाबाद ने सूचना दी कि एक मोटर साइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने तमंचे के बल पर 2200 रूपये, पैन कार्ड, आधार कार्ड व एनपीएस कार्ड छीन लिये। इसी क्रम में 21 सितम्बर को जुल्फिकार अहमद पुत्र महाबुद्ध बक्स निवासी लालगंज अपने लैब का सामान लेकर आजमगढ़ से लालगंज जाते समय रोहुआ सीमेंट प्लांट के पास से दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार द्वारा अवैध असलहे से आतंकित कर बैग से 20 हजार रूपये, मोबाईल, एटीएम कार्ड छीनकर भाग गए। उपरोक्त सभी मामलों में पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी।
रविवार को थानाध्यक्ष सरायमीर द्वारा संजरपुर से किरियारी की ओर जाने वाले मार्ग पर खुटहन पुलिया के पास चेकिंग किया जा रहा था। चेकिंग के दौरान सामने से एक व्यक्ति लाल रंग की मोटर साईकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम को सामने देखकर मोटर साइकिल सवार तेजी से मुड़कर भागने का प्रयास किया तथा मोटर साईकिल फिसलने के कारण गिर गया। संदिग्ध प्रतीत होनें पर रूकने के लिया कहा गया तो अभियुक्त उपरोक्त द्वारा थानाध्यक्ष सरायमीर को निशाना लगाकर फायर कर दिया। अभियुक्त को सरेंडर करने के लिये कहने पर पुनः पुलिस बल पर निशाना लगाकर दो राउण्ड फायर किया व तमंचे में कारतूस भरने लगा। थानाध्यक्ष द्वारा आत्मरक्षार्थ चलायी गयी गोली अभियुक्त के दाहिने पैर में लगी जिससे वह गिर गया। गिरफ्तार अभियुक्त को चिकित्सकीय उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। अभियुक्त की पहचान आलोक पाण्डेय पुत्र जितेन्द्र कुमार पाण्डेय निवासी चकिया थाना रानी की सराय के रुप में हुयी। अभियुक्त के पास से तमंचा, कारतूस व लूट के डीएल, आधार कार्ड, एटीएम, एनपीएस कार्ड व पैसा बरामद हुआ। थाना गम्भीरपुर, अतरौलिया व कप्तानगंज की पुलिस टीमों द्वारा उपरोक्त अभियुक्त के गिरोह के 5 शातिर सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया जा चुका है।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *