बाबू विश्राम राय की जन्मस्थली से निकली पदयात्रा

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के तहबरपुर में रविवार को पूर्व विधान परिषद सदस्य स्व.बाबू विश्राम राय और रामबचन यादव की स्मृति में पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा की शुरुआत बीबीपुर स्थित बाबू विश्राम राय की जन्मस्थली से हुई।
मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पांडेय ने कहा कि सरकार एक तरफ स्कूलों को बंद कर रही है, वहीं दूसरी तरफ शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। इससे सरकारों की प्राथमिकताओं पर सवाल उठता है। देश में शिक्षा जरूरी है या शराब, यह सरकारों को तय करना होगा। उन्होंने कहा कि देश में समान शिक्षा व्यवस्था लागू कर सामाजिक समानता लाई जा सकती है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल के वर्ष 2015 के फैसले को सरकार लागू करे, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने की व्यवस्था हो। ऐसा होने पर सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।
किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि ‘हमारा गांव, हमारा सवाल’ पदयात्रा के माध्यम से जनता से संवाद स्थापित कर उसके मुद्दों को सरकार के समक्ष रखने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना, बेहतर स्कूलों की व्यवस्था कराना और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पदयात्रा बीबीपुर से शुरू होकर महुवार, तहबरपुर, टीकापुर, मेढ़ी, लारपुर, ददरा, धनियाकुड़ी, इसरपार, नूरुद्दीनपुर, भीरू की पुलिया, पंडिताइन की पुलिया, मंझारी और जनईगंज होते हुए आतापुर पहुंची।
पदयात्रा में वीरेंद्र यादव, महेंद्र यादव, संतोष धरकार, निशांत राज, मनोज यादव, उत्कर्ष शुक्ला, नंदलाल, दिनेश मास्टर, रविंद्र यादव, गुड्डू, प्रेमचंद भारती, श्याम सुंदर मौर्य, साहबदीन, बलिराम, मुस्तफा, राजेंद्र, अवधेश यादव, विनोद यादव, दुर्गा प्रसाद, अभिषेक यादव, अशोक कुमार आदि शामिल रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *