धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाई-बहन के पवित्र स्नेह और अटूट विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार शुक्रवार को तहसील क्षेत्र में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके दीर्घायु तथा सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार दिए।
त्योहार के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा रक्षाबंधन पर बहनों के लिए बसों में की गई निःशुल्क यात्रा की योजना से महिलाओं में खुशी की लहर दिखाई दी। यात्रा कर रही बहनों और उनके परिजनों ने सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना की जमकर सराहना की और धन्यवाद दिया। बहनों का कहना था कि इस सुविधा से उन्हें अपने भाइयों तक पहुंचने में काफी सुगमता हुई और जेब पर अतिरिक्त बोझ भी नहीं पड़ा।
फरिहां प्रतिनिधि के अनुसार बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। फरिहा, चकिया हुसैनाबाद, बड़ागांव, सुराई, बघोरा इनामपुर, असीलपुर, परसहां, सरायभाऊं समेत दर्जनों गांवों में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह देखने को मिला। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। इसके बाद भाइयों ने अपनी बहनों को कपड़े, रुपये तथा सोने-चांदी के आभूषण समेत विभिन्न उपहार भेंट किए। बच्चों में भी रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह रहा। त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निजामाबाद पुलिस सक्रिय रही।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *