हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से ट्रेलर चालक की मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गंभीरपुर-छाऊ मार्ग स्थित फरीदगंज में मंगलवार की देर रात बालू उतारते समय 21 वर्षीय ट्रेलर चालक अंश कुमार यादव की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के लखमलपुर पट्टी (लाल राय), नसरुद्दीनपुर निवासी अंश कुमार यादव पुत्र रामानंद यादव फरिहा निवासी आमिर का ट्रेलर चलाता था। मंगलवार की रात वह ट्रेलर में बालू लादकर गंभीरपुर-छाऊ मार्ग स्थित फरीदगंज में गब्बू सोनकर के घर के बाहर पहुंचा था। वहां मजदूर ट्रेलर से बालू उतार रहे थे। इसी दौरान अंश कुमार ट्रेलर के ऊपर खड़ा होकर मजदूरों को लाइट दिखा रहा था। ट्रेलर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार की सुबह मृतक के पिता रामानंद यादव पुत्र शिवमूरत यादव ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दी। अंश कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था और ट्रेलर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां कलावती यादव समेत परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *