आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने लोगों की फरियाद सुनी और मौके पर निस्तारण किया।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कोतवाली परिसर में शनिवार को समाधान दिवस के दिन नायब तहसीलदार सगड़ी मयंक मिश्रा ने जनसुनवाई किया। जनसुनवाई में राजस्व से संबंधित विवादों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन से संबंधित मामलों के फरियादियों ने अपनी फरियाद सुनाई। समाधान दिवस के अवसर पर कुल 18 प्रार्थना पत्र आये जिसमें राजस्व से संबंधित 14 मामले और पुलिस प्रशासन से जुड़े चार मामले थे। सुनवाई के दौरान ही पुलिस प्रशासन से जुड़े चार मामलों में से तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि राजस्व से जुड़े 14 मामलों में से जनसुनवाई के दौरान कुछ ही मामलों का निस्तारण विधिक पत्रावली के आधार पर हो सका। शेष मामलों में थाना प्रभारी कमल कांत वर्मा और मौके पर मौजूद राजस्व कर्मचारियों को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
मुबारकपुर प्रतिनिधि के अनुसार नवागत उप जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे की मौजूदगी में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व से संबंधित 8 मामले निस्तारण हेतु प्रस्तुत किये गए जिसमें मारपीट सहित झगड़े तथा राजस्व के मामले शामिल रहे। मारपीट से संबंधित दो मामले आये जिसका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष को अपने अपने अधीनस्थों को समाधान दिवस के अधिकारियों ने जांच कर तीव्रता के साथ कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अगले समाधान दिवस तक सभी मामलों को निस्तारित करने का कार्य किया जाए। इस अवसर पर चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अम्ब्रिश सिंह, अमित कुमार पांडेय, प्रमोद कुमार सरोज, शशि प्रकाश सिंह, विनीत दुबे, संदीप मौर्य, राकेश चौधरी आदि मौजूद थे।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को देवगांव कोतवाली में डीआईजी अखिलेश कुमार ने लोगों की फरियाद सुनी। इस अवसर पर चार लोगों द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर तमाम लेखपाल, कानूनगो आदि के साथ कोतवाल देवगांव गजानंद चौबे आदि मौजूद रहे। डीआईजी अखिलेश कुमार ने देवगांव कोतवाली परिसर तथा मंदिर आदि का निरीक्षण करने के साथ विभिन्न रजिस्टर को मंगा कर चेक किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव