पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया) । शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) के प्रांगण में शनिवार को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में बिलरियागंज, हरैया, महराजगंज, कोयलसा, तहबरपुर तथा अतरौलिया विकास खंड के विभिन्न विद्यालयों से दिव्यांग बच्चे, उनके अभिभावक और शिक्षक शामिल हुए।
कैंप का आयोजन संतोष कुमार, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा के नेतृत्व में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर तथा बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने दिव्यांग बच्चों का वजन, लंबाई सहित आवश्यक शारीरिक माप लिया। सभी बच्चों के माप एवं संबंधित विवरण को ऑनलाइन दर्ज किया, ताकि उनके लिए आवश्यक कृत्रिम अंग तैयार किए जा सकें।
जिला समन्वयक संतोष कुमार ने बताया कि चिन्हित किए गए बच्चों को आगामी 27 अक्टूबर को इसी विद्यालय के प्रांगण में कृत्रिम अंग वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों को कृत्रिम अंग पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए होने वाला पूरा खर्च भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कमला रानी का विशेष सहयोग रहा। कैंप के दौरान अभिभावकों में भी अपने बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण मिलने को लेकर उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट-बबलू राय