पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र के हरैया ब्लॉक अंतर्गत निबिहवा में रविवार दोपहर बाढ़ पीड़ित संगठन के तत्वाधान में विभिन्न मांगों को लेकर पैदल यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने निबिहवा ढाला सहित आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर शासन-प्रशासन से देवारा क्षेत्र की वर्षों पुरानी बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग उठाई। पैदल यात्रा में बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “हमारी मांगें पूरी करो” सहित विभिन्न नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के माध्यम से संगठन ने शासन और प्रशासन का ध्यान देवारा क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष उत्पन्न होने वाली बाढ़ एवं कटान की गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। तत्पश्चात संगठन के लोगों ने बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करते हुए अपने-अपने सुझाव साझा किए। बाढ़ पीड़ित संगठन के सचिव राजीव मिश्रा ने कहा कि देवारा क्षेत्र के लोग लंबे समय से बाढ़ और कटान की समस्या का सामना कर रहे हैं। प्रत्येक वर्ष घाघरा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने के साथ ही बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है और कई स्थानों पर कटान के कारण लोगों की कृषि योग्य भूमि नदी में समाहित हो जाती है। इससे किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि देवारा क्षेत्र में बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए तथा नदी की गहराई और सफाई का कार्य प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से कराया जाए।
रिपोर्ट-बबलू राय