फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम स्थित न्यू इंडोर हॉल में 30 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित 42वीं सब-जूनियर, 10वीं कैडेट, 44वीं जूनियर एवं 43वीं सीनियर उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चौंपियनशिप-2026 में कैफी आज़मी स्पोर्ट्स अकादमी, मिजवां के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण व चार कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में प्राची यादव, प्रियांशी यादव, चांदनी और अंशिका गौड़ ने स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी और जनपद का नाम रोशन किया। वहीं आंशी यादव, जानवी यादव, खुशी यादव और साक्षी यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों की सफलता पर अकादमी में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और कोच संजय पाल के मार्गदर्शन को दिया गया। मिजवां वेलफेयर सोसाइटी के डिप्टी मैनेजर मनोज कुमार प्रजापति ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों एवं कोच को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर मिजवां और आजमगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
रिपोर्ट- मुन्ना पाण्डेय