आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जनपद में जगह-जगह पौधरोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों व आमजनों ने मां के नाम पौधा लगाया और इसके संरक्षण का संकल्प लिया।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील क्षेत्र के गंधोई गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की ध्यक्षता उपजिलाधिकारी निजामाबाद चंद्र प्रकाश सिंह ने तथा संचालन भाजपा नेता सुधीर कुमार पाठक ने किया। उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के अभिन्न साथी हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधियां तथा पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। भाजपा नेता सुधीर कुमार पाठक ने कहा कि ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान केवल वृक्ष लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक भावनात्मक प्रयास है। इस अवसर पर भाजपा नेता दीपक सिंह, अजय कुमार यादव, राहुल सिंह, सुशील गुप्ता, प्रदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार कैलेश्वर धाम में भाजपा लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह तथा बूढ़नपुर वन क्षेत्राधिकारी वीर प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 22 मंडलों में संगठन की ओर से 200-200 पौधे लगाए जा रहे हैं, वहीं सरकार द्वारा प्रत्येक ब्लॉक को 27-27 हजार पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडलों में व्यक्तिगत रूप से एक हजार पौधे लगवाने का संकल्प लिया गया है। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष नीरज तिवारी, प्रवीण सिंह, सुभाष निषाद, संतराम निषाद, दीपक सिंह, प्रदीप पांडे, संदीप पांडे, अंकित शुक्ला, नारद सोनकर, अभिषेक सिंह, परमिंदर यादव तथा फॉरेस्ट गार्ड पप्पू सोनकर आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में पौधों का रोपण किया गया। अमर शहीद उद्यान मदियापार में भी पौधरोपण किया गया। तत्पश्चात अमर शहीद भगवती प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया गया। इस अवसर पर शहीद परिवार के राजेंद्र सिंह, देवी प्रसाद पाण्डेय, अर्पित उपाध्याय, सुंदरम पाठक, मुकेश गुप्ता, चित्रांश श्रीवास्तव, पवन निषाद, संतोष निषाद, हर्षित मिश्र, तुषार सिंह आदि उपस्थित रहे।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार एवं तहसीलदार राजू कुमार ने तहसील कर्मियों के साथ अशोक एवं कदम के पौधे लगाया। वहीं शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में भी पौधरोपण किया गया। पौधरोपण अभियान को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार वन रेंज लालगंज के रेंज अधिकारी निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में देवगांव गांगी नदी के किनारे बुढ़ऊ बाबा मंदिर के समीप पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर कमलेश सिंह, रजनीकांत तिवारी, शिवसागर बरनवाल आदि उपस्थित रहे। वहीं विकास खंड लालगंज में खंड विकास अधिकारी मनोज शर्मा के निर्देशन में बैरीडीह ग्राम स्थित कूड़ाघर के सामने पोखरे के किनारे पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में सहायक पंचायत अधिकारी संदीप ज्ञानवीर, ग्राम सचिव प्रमोद कुमार सरोज तथा दर्जनों सफाई कर्मी मौजूद रहे।
अहिरौला प्रतिनिधि के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय महिला महाविद्यालय समदी, अहिरौला में वैश्विक जलवायु परिवर्तन तापमान में वृद्धि व जनजीवन विषय पर एक ऑनलाइन वार्ता का आयोजन किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने कहा कि वैश्विक जलवायु संकट और लगातार बढ़ता तापमान वर्तमान सदी की सबसे बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मानव सभ्यता की अंधाधुंध विकास दौड़ के कारण पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ा है, जिसके परिणामस्वरूप पूरी दुनिया गंभीर जलवायु संकट का सामना कर रही है।