अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिकंदरपुर गांव की निषाद बस्ती में जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाले का गंदा पानी बहने से ग्रामीणों का जीवन दूभर हो गया है। सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण लोगों में संक्रामक बीमारियों का भय बना हुआ है। वहीं गांव में वर्षों से सफाई कर्मी के न आने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य मार्ग के किनारे बने नाले की पटिया कई स्थानों पर टूट चुकी है, जिससे नाला जाम हो गया है और गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। टूटी पटियों के कारण राहगीरों को दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगभग पांच वर्षों से सफाई कर्मचारी नहीं आया है, जिसके चलते नालियों की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है। गंदगी और जलभराव से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव निवासी श्रीनाथ निषाद, जियालाल निषाद, बिन्देसरी निषाद, संतराम निषाद, लालेंद्र निषाद और योगेंद्र निषाद समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इस संदर्भ में विकासखंड अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, फिलहाल इस मामले को देखते हैं और वहां सफाई कर्मी लगवा कर साफ सफाई कराई जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद