अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों के लिए क्षेत्रीय विधायक संग्राम यादव मददगार बनकर सामने आए हैं। विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के चार पीड़ित परिवारों को इलाज के लिए विधायक निधि से कुल 8.70 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इस सहायता से आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
विधायक निधि से जारी सहायता राशि के तहत भवानीपट्टी ग्रामसभा निवासी पूनम विश्वकर्मा, पत्नी अमरनाथ विश्वकर्मा को हृदय रोग के इलाज के लिए 1.50 लाख रुपये दिए गए हैं। वहीं नगवां गांव निवासी फुलगेन्द्र गौड़, पुत्र स्व. खभारु को गंभीर हृदय रोग के उपचार हेतु चार लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इसके अलावा गौरा गांव निवासी सुभावती, पत्नी लालचंद को कैंसर के इलाज के लिए दो लाख रुपये तथा कुकुरीपुर गांव निवासी कुमारी किरण, पुत्री दयाराम को किडनी की गंभीर बीमारी के उपचार के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
सहायता राशि जारी करते हुए विधायक संग्राम यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनका परिवार है और किसी भी जरूरतमंद को पैसों के अभाव में इलाज से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों का इलाज गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बेहद कठिन हो जाता है, ऐसे में विधायक निधि का सही उपयोग जरूरतमंदों की मदद करना है। उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। विधायक की इस मानवीय पहल के बाद लाभार्थी परिवारों एवं ग्रामीणों ने उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि संकट की घड़ी में विधायक द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद