लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गम्भीरपुर थाना की साइबर टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। साइबर टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के फलस्वरूप यूपीआई फ्रॉड के शिकार व्यक्ति को उसकी सम्पूर्ण धनराशि वापस दिलाई गई।
हेमन्त चौहान पुत्र लालचन्द्र चौहान निवासी ग्राम मसूदपट्टी, थाना गम्भीरपुर, के यूनियन बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 27 हजार रुपये की धनराशि साइबर ठगी का शिकार हो गई थी। घटना की जानकारी होने पर आवेदक द्वारा तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसकी शिकायत संख्या 23103260045539 है। प्राप्त शिकायत पर थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी विपिन द्विवेदी व टीम द्वारा तत्काल जांच प्रारम्भ की गई। जांच के दौरान फ्रॉड की गई धनराशि का विवरण प्राप्त कर संबंधित खाते को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई। साइबर टीम द्वारा एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक वैधानिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए फ्रॉड की गई 27,000 की सम्पूर्ण धनराशि आवेदक के खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर आवेदक द्वारा पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
साइबर सेल प्रभारी विपिन द्विवेदी ने साइबर सुरक्षा हेतु अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल, मैसेज अथवा यूपीआई अनुरोध पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। अपने बैंक खाते, ओटीपी, यूपीआई पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद