लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत उपकेंद्र छाऊ के अंतर्गत गंभीरपुर बाजार में मंगलवार सुबह 25 केवीए का ट्रांसफार्मर तीसरी बार जल गया। लगातार तीन दिनों में ट्रांसफार्मर खराब होने से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया।
ग्रामीणों के अनुसार 25 केवीए के इस ट्रांसफार्मर से लगभग 70 से 75 घरों को बिजली आपूर्ति की जाती है। कनेक्शनों की संख्या अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ता है और वह बार-बार जल जाता है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बाधित होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
इस मामले में विद्युत उपकेंद्र छाऊ के जेई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बिजली कर्मियों द्वारा सभी फॉल्ट की जांच की गई है और कहीं कोई अन्य तकनीकी खराबी नहीं मिली है। उनके अनुसार समस्या ट्रांसफार्मर में ही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बुधवार को नया ट्रांसफार्मर लगा दिया जाएगा। साथ ही ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है और निर्देश मिलने पर क्षमता वृद्धि की कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर चन्दन दूबे, शशि भूषण चतुर्वेदी, रमेश मौर्य, दिनेश मौर्य, महेंद्र चौहान, अनिता यादव, रीता यादव, धर्मेंद्र चौहान, लक्ष्मी यादव, शैलेश यादव, रामजीत सरोज आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद