चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सकीं सड़कें

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रशासन द्वारा दिए गए एक सप्ताह के अल्टीमेटम के बावजूद फूलपुर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सकी हैं। अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन की ओर से चेतावनी तो दी गई, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
गत 19 मई को उपजिलाधिकारी अशोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी किरणपाल सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील मुख्यालय से पैदल मार्च निकालकर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी थी। मार्च तहसील मुख्यालय से शुरू होकर माहुल मोड़, रेलवे स्टेशन, ब्लॉक परिसर, पशु अस्पताल चौराहा होते हुए कुँवर नदी पुल तक पहुंचा था।
इस दौरान अधिकारियों ने सड़क की पटरियों पर दुकान, ठेला और अन्य सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों को तत्काल कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। साथ ही स्पष्ट किया गया था कि सड़क किनारे अतिक्रमण और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से आवागमन बाधित होता है तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने नगर वासियों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम भी दिया था।
हालांकि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी न केवल नगर क्षेत्र बल्कि तहसील मुख्यालय के आसपास की कई सड़कें अतिक्रमण की चपेट में हैं। इससे लोगों में यह चर्चा है कि अल्टीमेटम के बाद प्रशासनिक कार्रवाई अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी।
इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार ने बताया कि बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को देखते हुए अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। उन्होंने कहा कि जल्द ही राजस्व, पुलिस और नगर निकाय की संयुक्त टीम गठित कर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुनः अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *