चेतावनी के बाद विद्युत विभाग ने चलाया सफाई अभियान

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मौसम विभाग द्वारा तेज आंधी, तूफान और वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद विद्युत विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया। शुक्रवार दोपहर क्षेत्रवासियों के मोबाइल फोन पर मौसम विभाग का अलर्ट संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें तेज हवाओं एवं वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
अलर्ट मिलते ही स्थानीय विद्युत उपखंड के अधिकारियों ने संभावित व्यवधानों से बचने के लिए तैयारियां तेज कर दीं। सुबह से ही विद्युत कर्मचारियों द्वारा खुले तारों और खंभों के आसपास उगे पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई का कार्य शुरू कर दिया गया। तहसील मुख्यालय से लेकर नगर के प्रमुख मार्गों के किनारे स्थित उन पेड़ों की डालियां हटाई गईं, जो विद्युत तारों के संपर्क में आ सकती थीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी लाइनमैनों ने बांस, बबूल तथा अन्य वृक्षों से सटे केबल और तारों की सफाई कराई। साथ ही ढीले तारों और फ्यूजों की मरम्मत भी की गई, ताकि खराब मौसम के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
उपखंड अधिकारी विद्युत फूलपुर भूप सिंह ने बताया कि तेज आंधी और वर्षा के दौरान अक्सर पेड़ों की डालियां विद्युत तारों पर गिर जाती हैं या उनसे उलझ जाती हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित होती है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद सभी उपकेंद्रों के अवर अभियंताओं को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ट्रिपिंग और अन्य तकनीकी समस्याओं से बचते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *