फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के बड़ागांव स्थित भारतीय पत्रकार संघ के तत्वावधान में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। अध्यक्षता भारतीय पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र नाथ मिश्र तथा संचालन प्रदेश महासचिव शाह आलम फराही ने किया।
जिलाध्यक्ष वीरेंद्र नाथ मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और समाज के प्रति समर्पण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा पत्रकार निष्पक्ष भाव से निर्भीक होकर समाज में व्याप्त बुराइयों, अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता है, यही वास्तविक पत्रकारिता की पहचान है।
उन्होंने हिंदी पत्रकारिता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 30 मई 1826 को हिंदी के प्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ का प्रकाशन कलकत्ता से किया गया था। ‘उदंत मार्तंड’ का अर्थ “उगता हुआ सूरज” होता है। इसके संस्थापक पंडित जुगल किशोर शुक्ल थे, जिन्होंने हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में संचार क्रांति और तकनीकी विकास ने हिंदी पत्रकारिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। दुनिया के किसी भी कोने में होने वाली घटना या दुर्घटना की खबर अब हिंदी पत्रकारिता के माध्यम से तत्काल लोगों तक पहुंच रही है, जो हिंदी पत्रकारिता की बढ़ती ताकत और प्रभाव का प्रमाण है।
इस अवसर पर अबुजर आज़मी, अरशद जमाल खान, शाहनवाज खान, इमरान शेख, संजय कुमार, निर्जाकांत मिश्रा, राकेश पाठक, धीरज तिवारी, श्याम जी, विजय विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव