फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा से सरायमीर जाने वाली सड़क पर वृहस्पतिवार की देर रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि 11 हजार वोल्ट का विद्युत पोल तीन हिस्सों में टूट गया, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे सरायमीर की ओर से आ रहे बाइक पर सवार दो युवक फरिहा के पास पोखरे के निकट सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराए। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और तड़पने लगे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घायलों की पहचान राहुल कुमार 30 वर्ष पुत्र राजकुमार तथा अजय कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी मक्खापुर, थाना अहरौला के रूप में की है। हादसे में राहुल पुत्र राजकुमार की रात्रि में मौत हो गई। अजय की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव