रास्ते के लिए महिलाओं ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के देवगांव परगना अंतर्गत लहुवा खुर्द (मड़ैया) गांव में पुराने रास्ते को लेकर ग्रामीणों और एक पक्ष के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मामले को लेकर ग्रामीण महिलाओं ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के प्राचीन रास्ते को कुछ लोगों द्वारा जबरन बंद किया जा रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। शिकायत के अनुसार बारिश के दौरान रास्ते में पानी भर जाने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यही रास्ता गांव के मुख्य आवागमन का साधन है और इसके बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
गांव के कुछ लोगों द्वारा रास्ते में जलभराव और अवरोध उत्पन्न कर आम रास्ते को बंद करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान द्वारा रास्ते का कार्य शुरू कराए जाने के बाद भी दबंगों के दबाव में कार्य रोक दिया गया। महिलाओं का आरोप है कि प्रधान द्वारा 20 दिनों से आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन कार्य शुरू नहीं किया गया इससे गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
मनीषा, पूनम, गुंजा, अनीता, बेबी, रिंकू, गीता, अनीता, नीता और सुनीता आदि ने प्रशासन से पुराने रास्ते को तत्काल खुलवाने तथा अवरोध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *