आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षक पदों पर पदोन्नति, अवकाश, नकदीकरण, चिकित्सीय सुविधा देने आदि 13 सूत्री मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर एसोसिएशन के बैनर तले संयुक्त शिक्षा निदेशक के कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया गया। धरने में आजमगढ़ मण्डल के तीनों जनपदों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनी एकता एवं जागरूकता का प्रदर्शन किया। मांगों का ज्ञापन संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेन्द्र कुमार सिंह को सौंपा।
प्रान्तीय अध्यक्ष मुजतबा हुसैन ने कहा कि शासन द्वारा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की अनदेखी के कारण धरना का आयोजन किया गया। शासन द्वारा लोकतंत्र व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है और संगठनों को अप्रासंगिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। हमें अपने को संगठित रखने की आवश्यकता है और संगठित होकर कठोर संघर्ष करने की तरफ बढ़ाना है। हमारे संघर्ष के अगले चरण में 19 अक्टूबर को शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय 18 पार्क रोड पर धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया है। धरने में आजमगढ़ जनपद के अध्यक्ष बलवन्त सिंह, जिला मंत्री इन्द्रसेन सिंह, बलिया के जिलाध्यक्ष श्यामसुन्दर उपाध्याय, जिला मंत्री संजय कुमार सिंह, मऊ जनपद के जिलाध्यक्ष संजय उपाध्याय, जिला मंत्री भूपेन्द्र सिंह के अतिरिक्त संगठन के प्रान्तीय उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, प्रान्तीय संरक्षक लल्लन सिंह, प्रान्तीय मंत्री बलवन्त पाण्डेय, संगठन मंत्री मुश्ताक अहमद, सुनील कुमार सिंह प्रान्तीय मीडिया प्रवक्ता, सुशील कुमार सिंह, अमित सिंह, आजाद सिंह, रोशन सिंह, अशोक सिंह पूर्व अध्यक्ष आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद राय एवं संचालन इन्द्रसेन सिंह ने किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार