चिलचिलाती धूप में आंखों की हिफाजत जरूरी: डा.वीके यादव

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज स्थित नेत्र रोग विशेषज्ञ डा.वीके यादव ने तेज धूप और हानिकारक अल्ट्रावॉयलेट किरणों से आंखों की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह शरीर को गर्मी से बचाने की जरूरत होती है, उसी तरह आंखों की सुरक्षा भी बेहद आवश्यक है, क्योंकि आंखें हमारे शरीर का सबसे संवेदनशील अंग हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार तेज धूप और अल्ट्रावॉयलेट किरणों के संपर्क में रहने से आंखों पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इससे आंखों में एलर्जिक रिएक्शन, जलन, लालिमा, पानी आना, चुभन तथा कंजंक्टिवाइटिस जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर गर्मी में त्वचा की सुरक्षा तो करते हैं, लेकिन आंखों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
उन्होंने सलाह दी कि धूप में बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले सनग्लासेज अवश्य पहनें, ताकि आंखों को सीधे किरणों से बचाया जा सके। इसके अलावा दिन में तीन से चार बार ठंडे पानी से आंखों को धोना चाहिए, जिससे आंखों को ठंडक और आराम मिलता है।
डा. यादव ने कहा कि यदि आंखों में जलन या चुभन महसूस हो तो आंखों को रगड़ने की गलती न करें। ऐसा करने से संक्रमण बढ़ सकता है। इसके बजाय साफ और मुलायम कपड़े से आंखों को हल्के हाथों से सहलाएं। गुलाब जल में रूई भिगोकर आंखों पर रखने से भी राहत मिल सकती है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *