करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना क्षेत्र के मतौलीपुर गांव में बुधवार को खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए बाड़ में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान घास काटने गई एक महिला की करेंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और परिजनों के साथ ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
गांव निवासी मंधहिर राय द्वारा संचालित मुर्गी फार्म के बगल में सब्जी की खेती की गई थी। खेत को आवारा पशुओं से बचाने के लिए चारों तरफ कंटीले तार लगाए गए थे। आरोप है कि सुरक्षा के नाम पर उन्हीं तारों में अवैध रूप से बिजली का करंट दौड़ाया जा रहा था। बुधवार को धरमदेई 41 वर्ष पत्नी घनश्याम निषाद घास काटने खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान वह खेत की घेराबंदी में लगे करंटयुक्त तार की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद खेत मालिक तत्काल बिजली का तार हटाकर मौके से फरार हो गया। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध किया। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में इस तरह अवैध रूप से करंट प्रवाहित करना सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *