भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत, पांच घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज-तरवां मार्ग पर सोमवार को नरसिंहपुर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
बरदह थाना क्षेत्र के बउआपार निवासी 40 वर्षीय कंचन पुत्र रामजीत तथा बड़ागांव निवासी सदानंद पुत्र बुद्ध अपनी रिश्तेदारी में खरिहानी जा रहे थे। नरसिंहपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कंचन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सदानंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी बाइक पर सवार एक अज्ञात दंपति और उनके दो पुत्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने दंपति और उनके दोनों बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव के प्रधान रविंद्र नाथ राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मदन लाल, जगतू चौहान और शुभम राय लालगंज अस्पताल पहुंच गए। वहां अस्पताल कर्मचारियों की कथित लापरवाही और सीएमएस की अनुपस्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों के अनुसार, मृतक कंचन तीन मई को ही दुबई से घर वापस आए थे। उनके परिवार में पत्नी रीता, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रीता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक कंचन अपनी ससुराल बड़ागांव थाना देवगांव क्षेत्र में रहते थे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *