जानलेवा हमला व फायरिंग मामले में तीन गिरफ्तार

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अतरौलिया पुलिस ने जानलेवा हमला और फायरिंग के दो अलग-अलग मामलों में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त भाला, फावड़ा, लाठी-डंडा और कारतूस का खोखा भी बरामद किया।
बेलसड़ी गांव निवासी त्रिलोकी यादव ने 20 मई को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीन कब्जेदारी के विवाद को लेकर विपक्षियों ने उन पर और उनके परिजनों पर भाला, बांका, लाठी और फावड़े से हमला कर दिया। जान बचाकर घर में घुसने पर आरोपी वहां भी पहुंच गए और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को अचलीपुर अंडरपास के पास से दो आरोपियों पंकज कुमार यादव और नीरज यादव पुत्र अवधराज यादव निवासी बेलसड़ी को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर नन्दना तालाब, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास झाड़ियों से आलाकत्ल बरामद किया।
दूसरे मामले में पुलिस ने फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 21 मई को दर्ज मुकदमे में आरोप था कि आपसी कहासुनी के बाद आरोपी अखिलेश वर्मा ने अपने साथियों के साथ गाली-गलौज की और कट्टे से फायर कर दिया। घटना में जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में अखिलेश वर्मा, आनंद वर्मा और चार अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शेरवा गांव के प्राथमिक विद्यालय के टीनशेड के पास से मुख्य आरोपी अखिलेश वर्मा पुत्र मोतीलाल निवासी शेरवा को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *