पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पटवध कौतुक विद्युत उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली संबंधी समस्याओं के बीच आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कैंप में लगभग 60 उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
शिविर में सबसे अधिक शिकायतें बिजली बिलों को लेकर सामने आईं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बढ़ा हुआ बिल किसी परेशानी से कम नहीं था। लोगों का कहना था कि महंगाई और गर्मी के इस दौर में बिजली का बढ़ा बोझ उनके घर का बजट बिगाड़ रहा है।
कई उपभोक्ता ऐसे भी पहुंचे जिनके बिजली मीटर खराब पड़े थे, जिससे गलत रीडिंग और अधिक बिल की समस्या उत्पन्न हो रही थी। विभागीय अधिकारियों द्वारा ऐसे मामलों में तत्काल मीटर बदलने और आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन स्वीकार किए गए। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि लंबे समय से उनके बिजली बिल बन ही नहीं रहे हैं, जिससे भविष्य में एकमुश्त भारी बिल आने की चिंता बनी हुई थी। ऐसे मामलों का भी कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही समाधान कराया गया।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तुषार श्रीवास्तव, अवर अभियंता सहित विभागीय कर्मचारी अरविंद यादव, बृजभान यादव, मुकेश सिंह, अशोक सिंह एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय