आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रविवार को सेन्ट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल के प्रांगण में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभांरभ विद्यालय प्रबंधक प्रशांत चन्द्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल, अनिरूद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव उप प्रधानाचार्य तरणी कुमार श्रीवास्तव विद्यालय समन्वयक धीरेन्द्र भारद्वाज, वरिष्ठ समन्वयक डॉ. रश्मि पांडेय, कनिष्ठ समन्वयक मोना सिंह, साक्षी बिसेन आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वल्लित कर किया।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली अभिभावक माताओं द्वारा अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई जिसमें मां की महिमा को रूपायित करता हुआ गीत ‘तेरी अंगुली पकड़ के चला, मां ओ मेरी मां मैं तेरा लाडला’ गीत आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहा। माताओं द्वारा सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। कार्यक्रम में सहभागिता निभाने वाली माताओं को विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुष्प गुच्छ और विभिन्न प्रकार के आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस चराचर जगत में मां की महिमा का वर्णन करना सूरज को दीपक दिखाने के समान है और ये आज से नहीं अपितु अनादि काल से ही वेदों-पुराणों में भी मां की महिमा को नेति-नेति कहा गया है। मां की महिमा को उद्घाटित करते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने भी कहा है जननी जन्मभूमिश्च स्वार्गादऽपि गरीयसी। मां त्याग, क्षमा एवं निःस्वार्थ प्रेम की प्रतिमूर्ति होती है। उन्होनें सभी अभिभावक माताओं के प्रति हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कृतज्ञता ज्ञापित की।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार