आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले के सर्किट हाउस में बुधवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने पत्र प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हर मुद्दे पर फेल है। चाहे युवाओं के लिए रोजगार का मामला हो, चाहे किसान का मामला हो, चाहे कानून व्यवस्था की बात हो हर मामले पर यह लोग फेल हैं। वही केंद्र सरकार पूंजीपतियों का कर्जा माफ कर रही है और किसान आत्महत्या कर रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि आज मोदी की कृपा से अदानी विश्व का दूसरे नंबर का पूंजीपति बन गया है। भाजपा के लोग सिर्फ सरकार और विधायक खरीदने में लगे हैं। दिल्ली का गृह मंत्री जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायकों को नहीं खरीद पाया तो आम आदमी पार्टी के विधायकों के ऊपर फर्जी आरोप लगाकर ईडी, सीबीआई की जांच कराई जा रही है। जबसे अरविंद केजरीवाल ने गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है और गुजरात की जनता इस बार आम आदमी पार्टी को सत्ता देने का मन बना लिया है तब से भारतीय जनता पार्टी के लोग बौखला गए हैं।
पूर्वांचल प्रांत के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि आज आम आदमी महंगाई से बेरोजगारी से बढ़ते अपराध से पूरी तरह से त्रस्त है और वह आम आदमी पार्टी की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहा है। आगे आने वाले दिनों में हम उत्तर प्रदेश को और पूरे देश को एक मजबूत विकल्प देंगे क्योंकि समाज के हर वर्ग के लोगों का जुड़ाव आम आदमी पार्टी से जेती से हो रहा है।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव