स्कूल जा रहे छात्र को स्कूली बस ने रौंदा, मौके पर मौत

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9 के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा भी किया।
पकरडीहा गांव निवासी 14 वर्षीय आनंद पुत्र फिरतू राजभर सुबह करीब 8.30 बजे साइकिल से स्कूल जा रहा था। वह पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज का छात्र था। इसी दौरान गोरहरपुर गांव से अतरौलिया की ओर मुड़ते समय नंदना बाजार की तरफ से आ रही ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र बस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में छात्र और उसकी साइकिल करीब 50 मीटर तक बस के साथ घसीटते चले गए।
मृतक आनंद तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई अमन इंटरमीडिएट का छात्र है, जबकि छोटा भाई आदित्य कक्षा 8 में पढ़ता है। पिता फिरतू राजभर दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर ही मौजूद थे। माता अनीता देवी का रो-रो का बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश फैल गया। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई। आक्रोशित लोगों ने लगभग 15 मिनट तक वही सड़क जाम कर शव उठाने से रोक दिया। बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया, लेकिन रास्ते में सम्मो माता मंदिर के पास ग्रामीणों ने दो बार शव को रोक लिया।
थाने पहुंचने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। परिजनों ने भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर के आने की मांग करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से रोक दिया। बाद में उनके प्रतिनिधि के पहुंचने के बावजूद परिजनों ने ब्लू बेल्स पब्लिक स्कूल की बस को थाने लाने की मांग रखी, जिसके बाद ही वे आगे की कार्रवाई के लिए राजी हुए।
मृतक के भाई रोशन राजभर ने थाने में लिखित तहरीर दे दी है और वे मांग कर रहे हैं कि स्कूल के मालिक और बस चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *