आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा पुलिस व्यवस्था में चुस्ती लाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल में कई अहम थानों की कमान बदली गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
सबसे चर्चित बदलाव निजामाबाद थाना में देखने को मिला, जहां हाल ही में छापेमारी के दौरान दरवाजा तोड़ने की घटना को लेकर चर्चा में आए प्रभारी निरीक्षक हीरेंद्र प्रताप सिंह को थाने से हटाकर पुलिस मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है। उनकी जगह सिधारी थाना पर तैनात इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह को निजामाबाद थाने की कमान सौंपी गई है। मीडिया सेल के प्रभारी रहे राजीव कुमार मिश्रा को सिधारी थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा विशेष चोरी अनावरण टीम के प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी को गंभीरपुर थाना का प्रभारी बनाया गया है। गंभीरपुर थाने के प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह को मेहनाजपुर थाना भेजा गया है। मेहनाजपुर के प्रभारी मनीष पाल को एसएसपी का पीआरओ नियुक्त किया गया है।
एसएसपी कार्यालय में पीआरओ रहे विनय कुमार सिंह को जीयनपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि जीयनपुर के प्रभारी राजकुमार सिंह को साइबर थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कंधरापुर थाना पर तैनात अनुराग कुमार को महराजगंज थाना का प्रभारी बनाया गया है। वहीं महराजगंज के प्रभारी केदारनाथ मौर्य को कंधरापुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिलरियागंज थाना के प्रभारी सुनील कुमार दुबे को रौनापार थाना भेजा गया है। रौनापार के प्रभारी मंतोष सिंह को अहरौला थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
अहिरौला थाने के प्रभारी अमित कुमार मिश्रा को बिलरियागंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं साइबर थाने के प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह को फूलपुर थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि फूलपुर थाने के प्रभारी सच्चिदानंद यादव को पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
रिपोर्ट-सुबास लाल