माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पंचायत माहुल में बीते दो दिनों से चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल सोमवार को खत्म हो गई। नगर अध्यक्ष लियाकत अली के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद सफाई कर्मियों ने काम पर लौटते हुए नगर में साफ-सफाई का कार्य दोबारा शुरू कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि रविवार को सफाई कर्मियों ने अधिशासी अधिकारी अवधेश मिश्र पर दुर्व्यवहार और अभद्र भाषा के प्रयोग का आरोप लगाते हुए कार्यालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद आक्रोशित कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी थी, जिससे नगर के 11 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। सफाई नायक आशीष पाण्डेय के अनुसार, शनिवार को वार्ड नंबर 11 की सफाई व्यवस्था को लेकर पूछताछ के दौरान अधिशासी अधिकारी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का दिया, जिससे कर्मचारी आक्रोशित हो गए। इसी घटना के विरोध में सभी सफाई कर्मी एकजुट होकर हड़ताल पर चले गए। सोमवार सुबह नगर अध्यक्ष लियाकत अली ने पहल करते हुए सफाई कर्मियों के साथ वार्ता की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। चेयरमैन के आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया और नगर में सफाई कार्य फिर से शुरू कर दिया।
रिपोर्ट-श्यामसिंह