अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी होनहार छात्र अंश यादव ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर आरएल मेमोरियल हाईस्कूल, कनैला में शनिवार को सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने अंश यादव का माल्यार्पण कर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया। अंश यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और विद्यालय के गुरुओं को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।
विद्यालय के प्रबंधक चंद्र विजय तिवारी ने कहा कि अंश यादव की यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि केवल छात्र की कड़ी मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे। समारोह में विद्यालय के अन्य दो मेधावी छात्रों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रधान उमेश कुमार ‘नन्हे’, पूर्व प्रधान सूर्यकुमार यादव (चौधरी), प्रधानाचार्य दिवाकर यादव, रामराज यादव, हरिश्चंद्र पांडे, शशिकांत यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद