बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को किया गया सम्मानित

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में शनिवार को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि अनुशासन, नियमितता और कठिन परिश्रम से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
प्रधानाचार्य अरुण कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धि शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम और बेहतर होगा।
सम्मानित विद्यार्थियों में हाईस्कूल बालिका वर्ग में आस्था उपाध्याय 94 प्रतिशत, निशा यादव 93 प्रतिशत, प्रगति मौर्य 93 प्रतिशत और रागिनी 90 प्रतिशत शामिल रहीं। हाईस्कूल बालक वर्ग में सुनील विश्वकर्मा और आलोक कुमार 89 प्रतिशत ने स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में प्रीति यादव 87 प्रतिशत, खुशी वर्मा 80 प्रतिशत और अतुल यादव 76 प्रतिशत को सम्मानित किया गया। वाणिज्य वर्ग में रागिनी विश्वकर्मा 85 प्रतिशत, शीतल वर्मा 82 प्रतिशत और शिवानी प्रजापति 81 प्रतिशत ने बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इस वर्ष कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। व्यवसाय अध्ययन, हिंदी, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे विषयों में विशेष योग्यता के साथ उत्तीर्ण होकर विद्यार्थियों ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश कुमार सिंह, डॉ. शैलेश जायसवाल, महमूदुर रहमान, अमित कुमार गुप्ता, राम अवध राम, इश्तियाक अहमद, मानवेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश कुमार गुप्त, हितेश कुमार, अवधेश कुमार, डॉ. अनिल कुमार सिंह, श्रीकांत, दीनदयाल मौर्य सहित अभिभावक आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *