भीषण गर्मी में बढ़ा बिजली का लोड

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भीषण गर्मी के चलते विद्युत खपत में लगातार वृद्धि हो रही है। बढ़ते लोड को देखते हुए विद्युत विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। उपखण्ड अधिकारी विद्युत फूलपुर भूप सिंह एवं अवर अभियंता देवेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ रात्रि में नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर ट्रांसफार्मरों का तापमान और लोड चेक किया।
गुरुवार देर रात अधिकारियों की टीम ने 100, 200 व 400 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाइनमैन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों के तापमान की मापी के साथ-साथ अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति का भी जायजा लिया।
पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बिजली की खपत में तेजी आई है। घरों में कूलर, पंखे और अन्य उपकरण अधिक चलने से तार, खंभे व इंस्ट्रूमेंट्स भी गर्म हो रहे हैं। ऐसे में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए पानी डालने का कार्य भी किया जा रहा है।
उपखण्ड अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नियमित रूप से ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण और तेल आदि की जांच की जाती है। विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को बिना बाधा के बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलती रहे। बढ़ती गर्मी और लोड को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की निगरानी और भी जरूरी हो गई है, ताकि किसी भी खराबी को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *