फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले इलाके बघौरा इनामपुर, असीलपुर, वनगांव, फरीदाबाद, चकिया हुसेनाबाद, परसहा, नन्दपुर सहित अन्य गांवों के तालाब और पोखरे पूरी तरह सूख चुके हैं, जिनमें अब केवल मोटी-मोटी दरारें ही नजर आ रही हैं। नहरों में पानी न होने से स्थिति और विकट हो गई है, जिससे न केवल ग्रामीण बल्कि जंगली जानवर भी भारी संकट का सामना कर रहे हैं।
पानी की कमी के कारण जंगली जानवर प्यास बुझाने के लिए अब गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। पशु-पक्षी भी इधर-उधर भटकते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उन्हें कहीं भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों अरबाज खान, साहिल शेख, नवाब, अमित कुमार, सीताराम और पिंटू यादव आदि ने बताया कि यदि नहरों में समय पर पानी होता, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। नहरों के सूखने से आसपास के तालाब और पोखरे भी पूरी तरह समाप्त हो गए हैं, जिससे वन्यजीवों के सामने जीवन का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नहरों में पानी छोड़ने और वैकल्पिक जल व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों को भी इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव