लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना मेहनाजपुर क्षेत्र के सिधौना अंतर्गत ग्राम करसड़ा में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया।
गुलाब राम गौड़ पुत्र नंदलाल गौड़ के आवासीय मिट्टी के मकान व मड़ई में आग लगने से पूरा ढांचा जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर पीड़ित परिवार का गेहूं, चावल, तिलहन, भूसा, कपड़े व घरेलू बर्तन समेत पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर थाना मेहनाजपुर की पुलिस टीम, उपनिरीक्षक सुनील यादव, मनीष पाल, आनंद दीवान, बाबूलाल सहित अन्य पुलिसकर्मी व कोतवाली देवगांव की पुलिस भी पहुंची। सभी के संयुक्त प्रयास से आग को फैलने से रोका गया। घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल राम प्रताप रावत द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि हुई है, जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। आग की तीव्रता और तेज हवा के कारण गांव में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीणों को आशंका थी कि आग अन्य घरों और खलिहानों तक न फैल जाए।
इस मौके पर अशोक सिंह, यदुवेंद्र सिंह, विमल प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार, संतोष सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद