पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर आईमा गांव का निवासी बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद एक बार फिर आजमगढ़ का नाम सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दायरे में आ गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोसैब अहमद के रूप में हुई है। उसके पिता इस्तखार अहमद शेख लंबे समय से मुंबई में रह रहे थे और पिछले लगभग छह वर्षों से सऊदी अरब में बताए जा रहे हैं। गांव के लोगों के अनुसार, मोसैब का परिवार पहले बेहद साधारण स्थिति में था और करीब 20 साल पहले उनका कच्चा मकान भी गिर चुका है।
बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य बिलरियागंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर में भी रहते हैं, हालांकि स्थानीय पुलिस को इस संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं है। पुलिस की इस अनभिज्ञता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रिपोर्ट-बबलू राय