छात्रों के समुचित संसाधन के साथ परीक्षा की सुचिता सर्वाेच्च प्राथमिकता: कुलपति

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.संजीव कुमार ने शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज के प्रांगण में स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि सम-सेमेस्टर-2026 की परीक्षाएं 21 अप्रैल से प्रारंभ हो रही हैं। प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य शिब्ली पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अफसर अली एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. खालिद उपस्थित थे।
कुलपति का प्राचार्य ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कुलपति ने कहा कि आज की प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य 21 अप्रैल से होने वाली विश्वविद्यालय एवं सभी संबंधित महाविद्यालयों की सम सेमेस्टर की परीक्षाओं के बाबत परीक्षार्थियों को अवगत कराना है कि परीक्षा को लेकर तनाव न पालें, क्योंकि परीक्षा शैक्षणिक कार्य के सतत प्रक्रिया का अंग है। इसलिए परीक्षा बोझिल मन से न दें। स्वस्थ मस्तिष्क के साथ परीक्षा हाल में बैठे एवं बिना दबाव के परीक्षा दें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली में द्वितीय सेमेस्टर, दूसरी पाली में चतुर्थ सेमेस्टर एवं तीसरी पाली में छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी है। विशेष परिस्थितियों में इसमें आंशिक परिवर्तन संभव है। छात्रों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा समय सारणी का निर्धारण करते समय परीक्षार्थियों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। महाविद्यालय को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि गर्मी को देखते हुए शीतल जल एवं बिजली का प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। छात्रों के लिए महाविद्यालय में हेल्प डेस्क भी बनाया जाए जहां छात्र अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर प्रो.सादिक, डॉ. ज़ुबैर, डॉ. प्रवेश कुमार सिंह, डॉ. जयप्रकाश, मुख्य अनुशासन अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *