अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में हीट वेव (लू) से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से विशेष हीट वेव वार्ड बना कर मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य अधीक्षक डा. हरिश्चंद्र मौर्य ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अस्पताल में अलग से विशेष वार्ड संचालित किया जा रहा है। वार्ड में पर्याप्त बेड, कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। साथ ही आपातकालीन उपचार से संबंधित सभी आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि मरीजों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, जिससे लू के मरीजों को प्राथमिक उपचार तुरंत दिया जा सके और गंभीर स्थिति में बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की इन तैयारियों से साफ है कि प्रशासन गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह गंभीर और सतर्क है। स्वास्थ्य अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर को छाता, टोपी, गमछा या तौलिया से ढककर निकलें और हल्के व पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें। उन्होंने कहा कि धूप में निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर निकलें तथा ओआरएस घोल, नींबू पानी और मौसमी फलों जैसे तरबूज व ककड़ी का अधिक सेवन करें।
रिपोर्ट-आशीष निषाद